लखीसराय : लखीसराय नगर के पचना रोड स्थित संसार पोखर सौंदर्यीकरण एवं सीढ़ी घाट निर्माण कार्य का शुभारंभ रविवार को किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद नीलम देवी एवं शोभा रानी ने भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत की। शुभारंभ के साथ ही स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।

इस अवसर पर आयोजित जनकल्याण संवाद में उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति कर रहा है। लखीसराय भी इसी राह पर आगे बढ़ते हुए नई ऊँचाइयाँ हासिल कर रहा है।”

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि यह कार्य न केवल शहर की सूरत बदलेगा बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान भी देगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की जनसेवा भावना का परिणाम बताया।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जदयू जिलाध्यक्ष रामानंद मंडल, लखीसराय विधानसभा प्रभारी संजय सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, अजय कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, हिमांशु पटेल सहित एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।