यूपी में 27 दिसंबर से शीतलहर का अनुमान, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी
- Post By Admin on Dec 26 2024
 
                    
                    लखनऊ : मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में कल, 27 दिसंबर से शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही राज्य में बारिश और ओलावृष्टि का भी अनुमान है। जिसे लेकर किसानों के लिए चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बुधवार को कोहरा नहीं पड़ा। जिसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ था। बीते सोमवार और मंगलवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट आई जिससे ठंड बढ़ी। हालांकि, बीते बुधवार को मौसम साफ रहा और तापमान में कुछ राहत मिली।
लखनऊ में 0.5 मिलीमीटर बारिश
राजधानी लखनऊ में बीते बुधवार को 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। लखनऊ में दिन में धूप खिली लेकिन न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को भी बारिश हुई थी। जिससे आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि बाद में हल्की धूप निकली।
27 दिसंबर से तापमान में और गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार कल, 27 दिसंबर से प्रदेश में फिर से बारिश की संभावना है। जिसके बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी 29 दिसंबर से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। जिससे ठंड में और वृद्धि हो सकती है।
किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने आगामी बारिश और ओलावृष्टि के मद्देनजर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपनी फसलों की रक्षा के लिए आवश्यक उपाय करें, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।
वायु गुणवत्ता में सुधार
हाल ही में हुई बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार देखा गया है। लखनऊ में AQI 182, मेरठ में 178, प्रयागराज में 109, आगरा में 102, गोरखपुर में 97, हापुड़ में 93 और कानपुर में 78 दर्ज किया गया है।