अवैध बालू खनन पर कड़ी नजर, डीएम के निर्देश पर व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच
- Post By Admin on Dec 05 2024

लखीसराय : जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देश पर एक विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान बालू घाटों से अवैध खनन और परिवहन की बढ़ती शिकायतों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है।
जांच अभियान के तहत जिले के पूर्वी दिशा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए सूर्यगढ़ा मेदनी चौकी के बीच पहलवान चौक और पश्चिम दिशा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए लखीसराय बायपास रोड पर स्थित यातायात थाना के पास निर्धारित जांच पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर 24 घंटे सघन जांच की जाएगी।
डीएम के निर्देश पर इस अभियान को तीन शिफ्टों में संचालित किया जाएगा। जिसमें दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। विशेष अभियान में यातायात और परिवहन विभाग के अलावा कृषि, मनरेगा और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। यह अभियान 31 दिसंबर 2024 तक जारी रहेगा।
सूर्यगढ़ा पहलवान चौक पर मनरेगा के पीओ मोहम्मद शाह नवाज उल हक, कनीय अभियंता दीपक कुमार, कृषि समन्वयक रवि रंजन और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं मेदनी चौकी के क्षेत्र में सअनि पिंटू कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं।
लखीसराय बायपास रोड स्थित यातायात थाना के पॉइंट पर हलसी के कृषि समन्वयक अमित कुमार चौधरी, लखीसराय के कृषि समन्वयक विकास कुमार, भूमि संरक्षण के परियोजना प्रबंधक सोनू कुमार और अन्य संबंधित अधिकारियों को दंडाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। इस जांच अभियान में पुलिस अधिकारियों में लखीसराय टाउन थाना के पुअनि अनिल कुमार, कवैया के प्रवीण कुमार और यातायात थाना के पुअनि राधेश्याम पांडे सहित अन्य पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाना है। जिससे पर्यावरणीय नुकसान और सरकारी राजस्व में कमी को रोका जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस जांच अभियान से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।