स्वच्छता पखवाड़ा के तहत बालिका विद्यालय में अभियान और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
- Post By Admin on Aug 10 2026
मुजफ्फरपुर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में सोमवार को मीनापुर प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट राम जानकी उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय, महदेईया में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया गया, छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रधानाध्यापक साबिह अहमद ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने के प्रति जागरूक किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अदिति कुमारी ने प्रथम, काजल कुमारी ने द्वितीय तथा अंता कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शिक्षिका सरिता गिरी, पंखुड़ी प्रज्ञा, बंधना कुमारी तथा शिक्षक ब्रह्म प्रकाश और कुमार सौरभ शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नीरज कुमार सिंह एवं सुनील कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसमें 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत, मीनापुर के युवा स्वयंसेवक संतोष कुमार, विद्यालय की छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।