मुजफ्फरपुर जिले में बूढ़ी गंडक में जलबोझी के दौरान दो किशोर डूबे, मौत
- Post By Admin on Aug 24 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के आथर घाट पर सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर जलबोझी करने पहुंचे दो किशोर बूढ़ी गंडक की तेज धारा में बह गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनियारी थाना क्षेत्र के भगवानपुर टोला निवासी कृष्णा कुमार (17) और नितेश कुमार (15) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर ग्रामीणों के साथ आथर घाट पर जलबोझी के लिए पहुंचे थे। जलबोझी के बाद सभी लोग शिव मंदिर की ओर जाने लगे। इसी दौरान दोनों किशोर अचानक लापता हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक किशोर का पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा किशोर भी नदी की तेज धारा की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों, मछुआरों और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों ने कृष्णा को नदी से बाहर निकाला। उस समय उसकी सांस चल रही थी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करीब एक घंटे की तलाश के बाद दूसरे किशोर नितेश का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।