शाहपुर हाई स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बिहार दिवस, प्रभात फेरी से गूंजा माहौल
- Post By Admin on Mar 22 2026
वैशाली: जिले के चेहराकलां स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुर खुर्द में 114वें बिहार स्थापना दिवस के अवसर पर रंगारंग और उत्साहपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय बुद्धिजीवी भी शामिल हुए।
प्रभात फेरी के दौरान “उन्नत बिहार-उज्ज्वल बिहार”, “बदलता बिहार-बढ़ता बिहार”, “बिहार की शान-देश की पहचान” और “गर्व से कहो हम बिहारी हैं” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इन नारों ने न केवल छात्रों बल्कि समाज के लोगों में भी नई ऊर्जा का संचार किया। इसके बाद आयोजित सभा में मनोविज्ञान के जानकार चुनचुन कुमार ने विद्यार्थियों को बिहार के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। वहीं शिक्षक मो. मोअज्जम आरिफ ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिहार केवल शांति ही नहीं, बल्कि शौर्य का भी प्रतीक रहा है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीतू कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्राचीन काल से ही बिहार सत्ता और ज्ञान का प्रमुख केंद्र रहा है। ईश्वर प्रकाश ने बताया कि यह धरती माता सीता, गौतम बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह और यहया मनेरी जैसे महान व्यक्तित्वों की जन्मस्थली और कर्मभूमि रही है। कार्यक्रम में हर्षवर्धन कुमार ने सम्राट अशोक के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए बिहार के गौरव को रेखांकित किया। वहीं राजा कुमार मलिक, अब्दुल क्यूम और सुनील कुमार ने बिहार को प्राचीन काल से शिक्षा, ज्ञान, शांति और समृद्धि का केंद्र बताया। रुखसार खातून ने स्वतंत्रता संग्राम में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर दुष्यंत कुमार, अभिषेक कुमार, अभय कुमार, करुणेश किशोर, कुमार शिवम, संजय कुमार प्रभाकर, शाब्या खातून, नैंसी कुमारी चंद्रा, तृप्ति किरण, प्रीति प्रिया, अर्चना कुमारी, संगीता कुमारी, सरिता कुमारी, वसीम आलम समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बिहार की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया।