मुजफ्फरपुर : सदर अस्पताल में कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल प्रबंधक समेत पांच कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। सभी को 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

जिन कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है, उनमें अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार, लेखापाल विपिन कुमार, काउंसलर विभा कुमारी, लैब टेक्नीशियन साहेब गुप्ता और फार्मासिस्ट सोनाली जायसवाल शामिल हैं। अस्पताल उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उपस्थिति पंजी की जांच में कुछ कर्मचारियों के बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने की बात सामने आई। जांच में यह भी पाया गया कि साहेब गुप्ता और विभा कुमारी ने 18 नवंबर को सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना उपस्थिति दर्ज की थी।

अस्पताल प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जवाब मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।