मुजफ्फरपुर: पोद्दार प्रेप, मुजफ्फरपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का वार्षिक खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘गेट सेट फॉर एक्शन विद जंबो’ रही, जबकि इसका मुख्य संदेश ‘बियॉन्ड मेडल्स बिल्डिंग हेल्दी माइंड्स, स्ट्रॉन्ग बॉडीज एंड रिस्पॉन्सिबल इंडिविजुअल्स’ के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजय नंदी, हेडमिस्ट्रेस नूपुर सिंह और मधुलता उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा और प्रयासों की सराहना की। खेल दिवस की शुरुआत मशाल प्रज्वलन समारोह और मार्च पास्ट से हुई। इसके बाद बच्चों ने पोम-पोम प्रस्तुति, फिटनेस ड्रिल और योग आधारित कहानी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और आकर्षण का माहौल बनाया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल बच्चों ने ही नहीं, बल्कि अभिभावकों और दादा-दादी ने भी सक्रिय भागीदारी की। उनके लिए आयोजित दौड़ प्रतियोगिताओं ने खेल दिवस को पारिवारिक उत्सव का रूप दे दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को सहभागिता प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने अपने संदेश में कहा कि खेल दिवस का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, सहयोग और टीम भावना विकसित करना है। खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उन्हें जिम्मेदार व्यक्तित्व बनने में भी मदद करती हैं।
प्रबंधन ने यह भी कहा कि प्रत्येक बच्चा अपनी क्षमताओं और विशेषताओं के साथ अलग और अद्वितीय होता है। बच्चों की तुलना एक-दूसरे से करने के बजाय उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे निखारने और आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त अवसर दिए जाने चाहिए। विद्यालय का मानना है कि खेलों में पूरे उत्साह और सकारात्मक भावना के साथ भाग लेने वाला प्रत्येक बच्चा विजेता है। इसी संदेश और बच्चों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ वार्षिक खेल दिवस का समापन हुआ।
















