मुजफ्फरपुर : जिले के कांटी थाना क्षेत्र के एक गांव में मूकबधिर किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार देर रात उसका शव घर में मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि किशोरी की गर्दन पर रस्सी लिपटी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, किशोरी के साथ सितंबर महीने में गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया था। उस समय ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

किशोरी की मौत के बाद पुराने मामले को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। पुलिस उसकी मां से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है।