मुजफ्फरपुर: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में जीरोमाइल स्थित एक निजी कॉलेज परिसर की झाड़ियों में शनिवार को करीब 35 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कंबल से लिपटा हुआ था। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों ने सुबह कॉलेज परिसर के पास झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के चेहरे और सिर के आसपास चोट के निशान तथा नाक-मुंह से खून निकलने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर एसडीपीओ-2 दीपक कुमार और अहियापुर थानेदार मुन्ना गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं दूसरी जगह कर शव यहां फेंका गया हो सकता है। फिलहाल मृतका की पहचान और हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
•खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है।
















