लखीसराय: जिले में कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार, 21 नवंबर 2026 को महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अटल कला भवन, लखीसराय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भवन में उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें जिले के वरीय पदाधिकारियों और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।

इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में गंगा नदी पर निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन एक्स्ट्राडोज्ड केबल पुल ‘नीतीश सेतु’ का भी लोकार्पण किया। ‘नीतीश सेतु’ को बिहार में आधारभूत संरचना के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। साथ ही व्यापार, उद्योग, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

वहीं, अटल कला भवन का उद्घाटन लखीसराय जिले के लिए सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस भवन के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक समूहों और प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। यहां सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन को बढ़ावा मिलने के साथ जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में भी मदद मिलेगी। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अटल कला भवन के उद्घाटन को जिले में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।