लखीसराय: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मातृ मृत्यु एवं एनीमिया के मामलों पर नियंत्रण के लिए जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में अटल कला भवन, लखीसराय में स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन और ब्लड शुगर जांच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

बैठक में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति का मुद्दा भी उठा। जिला पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। मातृ स्वास्थ्य एवं एनीमिया नियंत्रण की समीक्षा के दौरान जिले में हुई मातृ मृत्यु के मामलों पर चर्चा की गई। एनीमिया यानी खून की कमी के कारण हुई मातृ मृत्यु पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन और ब्लड शुगर जांच कराने तथा जांच से संबंधित समेकित प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने हीमोग्लोबिन जांच, एनीमिया से ग्रसित महिलाओं के उपचार और नियमित फॉलोअप की जानकारी ली। गंभीर रूप से एनीमिक गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी करने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर समय पर उपचार और जरूरत पड़ने पर रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और आईसीडीएस के बीच समन्वय बैठक भी आयोजित की गई। इसमें जिला पदाधिकारी ने एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं के उपचार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों में बच्चों को पिंक और ब्लू टैबलेट खिलाने तथा इससे संबंधित रिपोर्टिंग में सुधार लाने को कहा गया। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं को 6 से 59 माह तक के सभी बच्चों को आईएफए सिरप उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बड़हिया में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी जिला पदाधिकारी ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने वहां डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए संबंधित कार्रवाई करने को कहा। साथ ही बड़हिया में अल्ट्रासाउंड सेवा का संचालन अविलंब शुरू कराने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय मरीजों को जांच के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। बैठक में 22 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक लाइन लिस्टिंग पूरी करने और शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों को सक्रियता के साथ काम करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार, मातृ मृत्यु में कमी, एनीमिया नियंत्रण और स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में अपर समाहर्ता (ADM), उप विकास आयुक्त (DDC), अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO), सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, डीपीएम, डीसीएम, डीपीसी, जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।