लखीसराय: जिले में जन वितरण प्रणाली को पारदर्शी, प्रभावी और सुदृढ़ बनाने को लेकर शनिवार, 21 नवंबर 2026 को जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बालगुदर स्थित संग्रहालय में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राशन वितरण, राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, खाद्यान्न उठाव, धान अधिप्राप्ति और पीएनजी गैस कनेक्शन सहित आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में नवंबर माह के पोषाहार वितरण की स्थिति की जानकारी दी गई। बताया गया कि अब तक 78 प्रतिशत पोषाहार वितरण पूरा हो चुका है और शेष तीन दिनों में इसे शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य है। जिला पदाधिकारी ने भारतीय खाद्य निगम एवं राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) से संबंधित खाद्यान्न उठाव और वितरण की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए एसएफसी को प्रतिदिन का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही शेष 28 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण आगामी तीन दिनों के भीतर सुनिश्चित करने को कहा।

खाद्यान्न परिवहन की समीक्षा के दौरान एसएफसी की ओर से परिवहन अभिकर्ता से 50 वाहनों की मांग किए जाने की जानकारी दी गई। इस पर डीएम ने परिवहन अभिकर्ता को अविलंब 50 वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालयों तक खाद्यान्न की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्याह्न भोजन योजना (MDM) के तहत राशन डिस्पैच की स्थिति की भी समीक्षा की।बैठक में राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, खाद्यान्न उठाव, एसओ जनरेशन, मध्याह्न भोजन डिस्पैच रिपोर्ट और आईसीडीएस डिस्पैच रिपोर्ट के साथ मार्जिन मनी से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। धान अधिप्राप्ति की तैयारी पर चर्चा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।

जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की समीक्षा के दौरान बताया गया कि परिषद की बैठक प्रत्येक तीन महीने में आयोजित किया जाना अनिवार्य है। परिषद के अध्यक्ष जिला पदाधिकारी, उपाध्यक्ष उप विकास आयुक्त तथा सदस्य सचिव जिला आपूर्ति पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा जिला शहरी गैस अनुश्रवण समिति और पीएनजी गैस कनेक्शन एवं अधिष्ठापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (एमओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन और अधिष्ठापन कराने के इच्छुक उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त करने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, नियमित अनुश्रवण करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।