मुजफ्फरपुर : जिले के औराई थाना क्षेत्र में गुजरात पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान नया गांव उसरी टोला निवासी मो. सुल्तान उर्फ शेख के रूप में हुई है। उस पर गुजरात के सूरत जिले से एक युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप है।

रिपोर्ट के अनुसार, मो. सुल्तान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। वह सूरत जिले के भेस्तान थाना क्षेत्र में अपनी ममेरी बहन के यहां रहकर मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी पहचान वहां रहने वाली एक युवती से हुई। आरोप है कि 17 अगस्त को वह युवती को अपने साथ लेकर चला गया। इस मामले में युवती की ममेरी बहन ने 4 नवंबर को भेस्तान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुजरात पुलिस मुजफ्फरपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, आरोप जमानतीय धाराओं में होने के कारण अदालत ने उसे पीआर बॉन्ड पर मुक्त कर दिया।

•खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है।