हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू, भजन-कीर्तन से गूंजेगा मंडल परिसर

  • Post By Admin on Mar 22 2026
हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू, भजन-कीर्तन से गूंजेगा मंडल परिसर

मुजफ्फरपुर : शहर के केदारनाथ रोड स्थित श्री बाल हनुमान मंडल के कार्यालय में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभु श्री बजरंगबली के जन्मोत्सव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।

बैठक में तय किया गया कि 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बनेगा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।

मंडल के सदस्यों ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य बनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।

बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का संकल्प लिया। साथ ही शहरवासियों से भी इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।

बैठक में विश्वनाथ भरतिया, आकाश, किशन डागा, सुरेश खेतान, रामकुमार सिंह, संदीप अग्रवाल, कैलाश पालीवाल, सुनील मुंद्रा, प्रमोद, श्याम सुंदर तिबड़ेवाल, रवि मोटानी, पुरुषोत्तम जी, पवन देवड़ा, किशन जी अग्रवाल, हेमंत राही सहित मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने का संकल्प लिया।