पटना: राजधानी पटना के राजेंद्र नगर स्थित प्रेमचंद रंगशाला में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘इंद्रधनुष 2026’ का शनिवार, 21 नवंबर को भव्य समापन हुआ। पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (EZCC), कोलकाता, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज और बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय लोक संस्कृति की विविधता को मंच पर उतारा।
20 और 21 नवंबर को आयोजित इस महोत्सव में करीब 400 लोक कलाकारों ने भाग लिया। प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चले कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प मेला, खान-पान मेला, पारंपरिक पहनावे का प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला और रंगोली प्रदर्शन जैसे आयोजन हुए। महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और लोक कलाओं को व्यापक पहचान दिलाना रहा। समापन दिवस की शुरुआत कवि सम्मेलन से हुई। इसकी अध्यक्षता वरुण कुमार सिंह ने की, जो भाजपा बिहार के कला संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं। कवि सम्मेलन में वीर रस के कवि उत्कर्ष आनंद 'भारत', गीत-गजल लेखक अमृतेश कुमार मिश्रा और गजलकार इरशाद आलम 'शीबू' ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। मशहूर लोक गायिका नीतू कुमारी नूतन ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
कवि सम्मेलन के बाद विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने समवेत नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति का निर्देशन राजीव कुमार रॉय ने किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की खुशबू पारिक के दल ने फूलों की होली और मयूर लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इस दल में खुशबू पारिक के साथ ममता, चंद्र प्रकाश, फारूक, स्वामी विवेकानंद और दीपक शामिल रहे। हरियाणा के अंकित शर्मा के दल ने रागिनी, फाग और घूमर लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। दल में अंकित शर्मा के साथ संजू, असलम, राहुल, अमन और पिंटू ने भाग लिया। राजस्थान के जगदीश पचारिया के नेतृत्व वाले दल ने भवई, घूमर और कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को आकर्षित किया। इस दल में ममता, सुनीता, सावित्री, रेखा, गुणेशा राम उर्फ सोनू और बाबूलाल शामिल थे।
ओडिशा के अरुण कुमार सुना के एकतारा कला केंद्र दल ने संबलपुरी और ढाप नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में टीम लीडर दीपक कुमार झा के साथ संतोषी, प्रीति, योगेश, राहुल, गंगाधर और प्रवीण ने हिस्सा लिया। त्रिपुरा की मनु देवबर्मन के दल ने मोमिता और होजागिरी नृत्यों का प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र की मोहिनी इयाजरे के दल ने लावणी और कोली नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दल में मोहिनी हजारे के साथ स्नेहा कोड़ापे, हर्षिता, यश खंडरा, कृतिका आगरा, मृणाल राठौर और डॉ. राहुल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। बिहार की लोक संस्कृति को कला आंगन के कलाकारों ने सामा-चकेवा और झिझिया लोक नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतीक्षा, पूजा, दिव्या, रागिनी, संजना और आरती ने ‘सामा खेले चलली’ और ‘सखी संग सहेली’ जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को बिहार की पारंपरिक लोक विरासत से रूबरू कराया।
महोत्सव का विशेष आकर्षण ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम रहा। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा और खान-पान से जुड़े आदान-प्रदान को मंच प्रदान किया गया। इसके माध्यम से दोनों राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को साझा करने और विविधता में एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं मीडिया प्रभारी मनीष महिवाल ने उपस्थित दर्शकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन पर पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता की सहायक अभियंता राजश्री चंद्रा और उपनिदेशक तापस सामंत राय ने आमंत्रित कलाकारों एवं दर्शकों को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही पटना में आयोजित ‘इंद्रधनुष 2026’ के समापन की औपचारिक घोषणा की गई।
















