मुजफ्फरपुर: कार्यस्थल पर महिलाओं को यौन उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करने और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार, 21 नवंबर 2026 को एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित की गई। महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने की।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला पदाधिकारी कुमार गौरव, राज्य परियोजना प्रबंधक सह राज्य नोडल पदाधिकारी (POSH) अंकिता कश्यप और जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस, मुजफ्फरपुर कंचन कुमारी गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों (इंटरनल कमेटी) के अध्यक्ष और सदस्यों ने भाग लिया। इसके अलावा जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर तमसील आविदा सहित निगम के जिला एवं प्रखंड स्तर के कर्मी भी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (प्रतिषेध, प्रतितोष और निवारण) अधिनियम, 2013 यानी POSH Act के प्रावधानों की जानकारी देना और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था। इस दौरान आंतरिक समितियों की भूमिका, जिम्मेदारियों और यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निवारण की निर्धारित प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान समिति के अध्यक्षों और सदस्यों को शिकायत प्राप्त करने, उसकी जांच एवं निस्तारण की प्रक्रिया तथा निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से मामलों को संभालने की जानकारी दी गई। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करने में आंतरिक समितियों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में कहा गया कि प्रत्येक कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों का संरक्षण आवश्यक है। इसके लिए आंतरिक समितियों का प्रभावी संचालन, शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और POSH अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन जरूरी है। आयोजकों के अनुसार, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों की कार्यक्षमता को मजबूत करना और कार्यस्थलों को महिलाओं के लिए सुरक्षित, भेदभावमुक्त एवं सम्मानजनक बनाना है। महिला एवं बाल विकास निगम की यह पहल POSH अधिनियम, 2013 के प्रभावी अनुपालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
















