लखीसराय : जिला मुख्यालय बड़हिया रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को साइबर थाना के सहयोग से स्कूली बच्चों और प्राध्यापकों के बीच साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
साइबर पुलिस की टीम ने इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। इंस्पेक्टर संजीव कुमार, प्रोग्रामर रत्नेश कुमार, कांस्टेबल दिवाकर कुमार और विवेक कुमार ने उपस्थित बच्चों और शिक्षकों को साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी।
प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने आगंतुक अभियान टीम का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान, प्रोग्रामर ने साइबर अपराधों, जैसे वित्तीय अपराध, सोशल मीडिया की ठगी, स्पैम मैसेज, ईमेल धोखाधड़ी और डिलीवरी संबंधी अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सब इंस्पेक्टर संजीव ने बताया कि अगर कोई ठगी का शिकार होता है, तो उन्हें तत्काल 1930 नंबर पर सूचित करना चाहिए।
बच्चो ने इस जागरूकता अभियान को बड़े रोचक तरीके से सुना और उन्होंने अपने अभिभावकों से इस जानकारी को साझा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया, इस पहल को बच्चों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस तरह के अभियान से बच्चों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार कर सकेंगे।




















