स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लखीसराय मंडल कारा में चलाया गया जागरूकता अभियान
- Post By Admin on Dec 10 2024

लखीसराय : सिविल सर्जन विनोद प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को लखीसराय मंडल कारा का दौरा कर जेल में बंदियों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान की।
इस दौरान जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार राय और जिला पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार लाल समेत अन्य अधिकारियों ने जेलर प्रमोद कुमार के सहयोग से विभिन्न वार्डों और भोजनालय का निरीक्षण किया।
टीम ने खासकर महिला बंदियों से उनके स्वास्थ्य और उपचार से संबंधित जानकारी ली। विशेष रूप से जिन महिला बंदियों के साथ शिशु रह रहे थे। उन्हें नियमित प्रतिरक्षण (वैक्सीनेशन) और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
जेल में चल रहे ओपीडी और आईपीडी सेवाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई और रसोईघर की सफाई पर संतोष व्यक्त किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने सभी एचआईवी संक्रमित बंदियों को शीघ्र इलाज के लिए संबंधित केंद्र से लिंक करने का निर्देश दिया। इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीम ने मंडल कारा में बंदियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक किया और उन्हें सही उपचार प्राप्त करने की सलाह दी।