कर्मचारियों की मनमानी व अराजकता के विरोध में आशा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
- Post By Admin on Oct 22 2024

लखीसराय : जिला मुख्यालय स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष बिहार राज्य आशा संघ के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार से विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
इस धरना का संचालन जिला संयोजक नागेश्वर यादव ने करते हुए अपने संबोधन में कहा कि, संघ अपनी चार सूत्री मांगों के समर्थन में धरना कार्यक्रम चला रही है।
वहीं, धरना सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (सेवांजलि) के जिला महामंत्री विकास कुमार ने कहा कि, बड़हिया के बीसीएम द्वारा आशा कार्यकर्ता के प्रोत्साहन राशि के भुगतान में बड़े पैमाने पर धांधली की गयी है। इस अनियमितता के विरुद्ध संघ की ओर से एक माह पूर्व भी सिविल सर्जन को आवेदन दिया गया। लेकिन, सिविल सर्जन लखीसराय की ओर से इस पर कार्रवाई नहीं की गई जिसके चलते आशा को आंदोलन पर उतरना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा में काफी अराजकता बढ़ती जा रही है एवं आशा द्वारा पहुंचाये लाभान्वितों का सही ढंग से इलाज भी नहीं किया जा रहा है और लाभान्वितों का लगातार दोहन हो रहा है। वहां के पदाधिकारी सूचना देने के बावजूद मौन है।
इस मौके पर सभा को आशा संघ की नेत्री आशा सिन्हा, अनीता देवी, रेणु कुमारी, रंजू कुमारी, बेबी कुमारी, रीना कुमारी, निशा कुमारी, अनिता कुमारी, शांति कुमारी, वंदना कुमारी आदि ने भी संबोधित करते हुए प्रोत्साहन राशि के भुगतान में भ्रष्टाचार एवं अनियमितता का आरोप लगा। साथ ही, जिला स्तर से जांच कराने की मांग की है।