उड़ान परियोजना के तहत किशोर किशोरी नेतृत्व अभियान कार्यक्रम का हुआ आयोजन
- Post By Admin on Sep 25 2024

लखीसराय : जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड के तेतरहाट पंचायत स्थित नवाडीह महादलित टोला में उड़ान परियोजना के तहत किशोर-किशोरी नेतृत्व अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों और किशोरियों के आत्मनिर्भरता, क्षमतावर्धन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रखंड समन्वयक ने अपने संबोधन में बताया कि इस तरह के कार्यक्रम किशोर-किशोरियों को जागरूक और सशक्त बनाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है। इसके बाद, किशोर और किशोरियों ने पेंटिंग के माध्यम से अपने लक्ष्य और सपनों को प्रकट किया।
पेंटिंग के बाद, बाल विवाह, बाल श्रम, नशा, दहेज प्रथा, विद्यालय और स्वास्थ्य देखभाल जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली मुसहरी टोला से शुरू होकर दास टोला तक निकाली गई। रैली के दौरान किशोर और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न नारों के साथ जन-जागरूकता फैलाने का काम किया। उन्होंने "बेटी हूं तो गम नहीं, हम किसी से कम नहीं।", "हमलोगों ने ठाना है, बाल विवाह मिटाना है।", "आधी रोटी खाएंगे, फिर भी स्कूल जाएंगे।", "बाल श्रम करवाओगे तो जेल की हवा खाओगे।""बाल विवाह ऐसी नादानी, जीवन भर आंखों में पानी।""खुशबू हो हर फूल में, सब बच्चे स्कूल में।" "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ।" आदि नारे लगा रैली को सफल बनाया।
रैली के साथ ही किशोर-किशोरियों ने पेंटिंग बनाकर अपनी क्रिएटिविटी को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के उपरांत खेलकूद की गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिसमें कबड्डी और स्किपिंग रोप जैसे खेलों का आयोजन किया गया। इससे न केवल शारीरिक विकास को बढ़ावा मिला, बल्कि किशोर-किशोरियों में टीम भावना और नेतृत्व कौशल का भी विकास हुआ।
इस पूरे आयोजन में विकास मित्र, ग्रामीण महिलाएं और पुरुषों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित हो सकी। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बतायाI