गैस आपूर्ति पर प्रशासन की पैनी नजर, कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी तेज

  • Post By Admin on Apr 23 2026
गैस आपूर्ति पर प्रशासन की पैनी नजर, कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी तेज

लखीसराय : मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच लखीसराय जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। संभावित भीड़ और कालाबाजारी की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित थाना अध्यक्ष की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इन टीमों को नियमित जांच कर कालाबाजारी पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे लगातार गैस एजेंसियों की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही सभी एलपीजी वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी नहीं करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 06346-232952 जारी किया गया है। जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में 4041 गैस सिलेंडर उपलब्ध बताए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी बताया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के माध्यम से नगर परिषद क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक PNG कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें जल्द से जल्द आवेदन करने की अपील की गई है।

प्रवासी मजदूरों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत 5 किलोग्राम फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है, जिससे उन्हें राहत मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।

साथ ही यह भी जानकारी दी गई है कि घरेलू उपभोक्ता पुराने सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं और बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

*खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है*