एलपीजी को लेकर प्रशासन सतर्क, कालाबाजारी रोकने को गठित की गई विशेष टीम

  • Post By Admin on Apr 04 2026
एलपीजी को लेकर प्रशासन सतर्क, कालाबाजारी रोकने को गठित की गई विशेष टीम

लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर लखीसराय जिला प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। संभावित भीड़ और कालाबाजारी की स्थिति को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।

जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम गठित की गई है। यह त्रिस्तरीय टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर गैस की कालाबाजारी पर नजर रखेगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करेगी। चार अप्रैल को जिले में इस दिशा में एक निरीक्षण भी किया गया है।

प्रशासन ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए छापेमारी करें और अपनी रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को भेजें। साथ ही दोषियों के खिलाफ गिरफ्तारी सहित सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी एलपीजी वितरकों को भी स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी कीमत पर गैस सिलेंडर का जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं की जाएगी। यदि कोई इस तरह की गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय, लखीसराय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। नागरिक गैस वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए दूरभाष संख्या 06346-232952 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिले में वर्तमान में 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और कुल 4279 गैस सिलेंडरों की उपलब्धता बताई गई है। वहीं बड़हिया नगर परिषद और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति भी की जा रही है। जिन परिवारों ने अब तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है, वे नोडल पदाधिकारी से मोबाइल नंबर 8565835550 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है। लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं।

इसके साथ ही भारत सरकार की व्यवस्था के अनुसार घरेलू उपभोक्ता अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग दर्ज होने के बाद दो से तीन दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।