पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश होंगे कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी, प्रदेश अध्यक्ष ने की घोषणा

  • Post By Admin on Mar 10 2018
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश होंगे कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी, प्रदेश अध्यक्ष ने की घोषणा

पटना: बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.अखिलेश प्रसाद सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. डॉ. सिंह के नाम की घोषणा के साथ ही प्रत्याशी चयन को लेकर कई दिनों से चली आ रही ऊहापोह की स्थिति आज समाप्त हो गयी. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्‍यक्ष कौकब कादरी ने डॉ. सिंह का नाम घोषित कर दिया.

 बिहार में खाली छह सीटों में से दो सीटों पर राजद, दो पर जदयू और एक सीट पर भाजपा के उम्मीदवार की जीत तय है। छठी सीट पर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उतारा है.

यहां बता दें कि राज्यसभा की छह सीटों पर नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि 12 मार्च है जबकि आवश्यकता पड़ने पर मतदान 23 मार्च को होगा. राज्यसभा चुनाव के लिए डॉ. सिंह के नाम की घोषणा होते ही सूबे बिहार समेत चंपारण के उनके समर्थकों एवं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गयी. चंपारण के कांग्रेसी नेताओं ने उनके प्रत्याशी बनाये जाने का स्वागत किया है. असंगठित कामगार कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनय कुमार उपाध्याय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश बाबू जैसे प्रखर नेता के उच्च सदन में जाने से जनता की समस्याएं ससमय सरकार तक पहुंचेगी. डॉ. सिंह को प्रत्याशी बनाने के लिए उन्होंने कांग्रेस के केन्द्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को बधाई दी है. राज्यसभा चुनाव के लिए डॉ. सिंह के नामित होने पर पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह, पूर्व मंत्री योगेंद्र पांडेय, पूर्व विधायक सुरेश कुमार मिश्रा, पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह, पूर्व विधायक हरिशंकर यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष मो.जफरुल्लाह खां, रामानंद सिंह पटेल, बबन पांडेय, युवा गांधीवादी प्रीतम अग्रवाल, एन एस यू आई जिलाध्यक्ष बिट्टू यादव, पार्टी नेता रविन्द्र प्रताप सिंह, ई.शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय, मुखिया कन्हैया पांडेय, केसरिया प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष बच्चूलाल यादव, पूर्व मुखिया अरिंजय कुमार सिंह, चंदेश्वर ठाकुर, सुरेश्वर सिंह, पूर्व मुखिया बृजकिशोर सिंह एवं चंदेश्वर यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की है.