अमित शाह के बिहार दौरे पर सियासी घमासान, राजद का तंज—सौहार्द बिगाड़ने आ रहे

  • Post By Admin on Feb 24 2026
अमित शाह के बिहार दौरे पर सियासी घमासान, राजद का तंज—सौहार्द बिगाड़ने आ रहे

पटना : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार से तीन दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। हालांकि उनके आगमन से पहले ही प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने दौरे को लेकर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने बिहार विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गृह मंत्री ऐसे समय में आ रहे हैं जब होली का त्योहार निकट है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में घुसपैठ का कोई मुद्दा नहीं है और चुनावी राज्यों की तरह यहां भी माहौल बनाने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि गृह मंत्री बिहार आ रहे हैं तो राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने की घोषणा करें।

सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा समीक्षा

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह 25 फरवरी को शाम चार बजे पूर्णिया पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा किशनगंज जाएंगे, जहां कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वे किशनगंज में रात्रि विश्राम करेंगे।

26 फरवरी को गृह मंत्री अररिया के लेट्टी सीमा चौकी पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे पुलिस अधीक्षकों और सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा करेंगे।

27 फरवरी को पूर्णिया में एक और बैठक कर सीमावर्ती जिलों से संबंधित मामलों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।

गृह मंत्री के इस दौरे को सीमावर्ती सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता के लिहाज से अहम माना जा रहा है, वहीं विपक्ष इसे लेकर लगातार राजनीतिक सवाल उठा रहा है।