राज्यसभा का रास्ता चुना नीतीश ने, दो साल वाली प्रशांत किशोर की भविष्यवाणी पर सियासत गरम

  • Post By Admin on Mar 05 2026
राज्यसभा का रास्ता चुना नीतीश ने, दो साल वाली प्रशांत किशोर की भविष्यवाणी पर सियासत गरम

पटना: बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के साथ ही राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस बीच जनसुराज अभियान के प्रणेता प्रशांत किशोर की पुरानी भविष्यवाणी भी फिर से चर्चा में आ गई है। राजनीतिक गलियारों में कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर का वह दावा अब सच साबित होता नजर आ रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार अपने कार्यकाल के दो वर्ष भी पूरे नहीं कर पाएंगे।

दरअसल, एनडीए सरकार बनने के समय प्रशांत किशोर ने सार्वजनिक रूप से दावा किया था कि भाजपा जल्द ही नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाकर सत्ता समीकरण बदल सकती है। उस समय उनके इस बयान को लेकर काफी राजनीतिक बहस भी हुई थी। अब जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की है और उनके पद छोड़ने की संभावना जताई जा रही है, तो राजनीतिक हलकों में प्रशांत किशोर के उस बयान की चर्चा तेज हो गई है। इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्यसभा चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा सार्वजनिक की है। उन्होंने अपने संदेश में जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा जताया और उसी विश्वास के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ राज्य की सेवा की।

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि उनके मन में लंबे समय से यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी क्रम में इस बार वे राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्यसभा जाने के बाद भी उनका बिहार से संबंध और जिम्मेदारी बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही उन्होंने विकसित बिहार बनाने के संकल्प को आगे भी जारी रखने की बात कही।

नीतीश कुमार के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यदि वे मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं तो राज्य में सत्ता संतुलन बदल सकता है और भाजपा के किसी नेता के मुख्यमंत्री बनने की संभावना भी जताई जा रही है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि बिहार की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।