नीतीश को घोड़ी पर चढ़ाया, फिर फेरे किसी और से - नीतीश के फैसले पर तेजस्वी का BJP पर हमला

  • Post By Admin on Mar 05 2026
नीतीश को घोड़ी पर चढ़ाया, फिर फेरे किसी और से - नीतीश के फैसले पर तेजस्वी का BJP पर हमला

पटना: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह पहले से तय था कि भाजपा ज्यादा दिनों तक नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देगी और अब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है।

पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के समय ही उन्होंने यह बात कही थी कि “नीतीश कुमार को घोड़ी पर चढ़ाकर दूल्हा तो बनाया गया है, लेकिन फेरे किसी और के साथ दिलाए जा रहे हैं।” उनके अनुसार मौजूदा घटनाक्रम उसी बात को साबित कर रहा है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी पिछड़े, दलित या ओबीसी नेतृत्व को लंबे समय तक टिकने नहीं देती। उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा ने मध्य प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों में ओबीसी नेताओं को मुख्यमंत्री बनाया हो, लेकिन वे वास्तविक रूप से स्वतंत्र नेतृत्व नहीं बल्कि ‘रबर स्टैंप’ की तरह काम करते हैं।

राजद नेता ने यह भी कहा कि बिहार चुनाव के समय से ही उन्हें अंदेशा था कि भाजपा भविष्य में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने की रणनीति बनाएगी। उनके अनुसार एनडीए की चुनावी जीत को उन्होंने पहले भी “धनतंत्र और मशीन तंत्र की जीत” बताया था और गठबंधन के सभी घटक दल इस सच्चाई को जानते हैं। तेजस्वी यादव ने कहा कि जब 28 जनवरी 2024 को नीतीश कुमार ने महागठबंधन छोड़कर दोबारा एनडीए का दामन थामा था, तब भी राजद ने यह चेतावनी दी थी कि भाजपा अंततः जदयू को कमजोर कर देगी। उनका दावा है कि मौजूदा हालात उसी दिशा में बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उन्हें व्यक्तिगत तौर पर नीतीश कुमार के प्रति सहानुभूति है। तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है, क्योंकि राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है।