सुरक्षा घटाने पर लालू यादव का पलटवार, बोले-सब पागल हो गए हैं, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता
- Post By Admin on Jun 08 2026
पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार सरकार द्वारा उनकी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा घटाए जाने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सिंगापुर से लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए लालू प्रसाद ने कहा, “सब पागल हो गए हैं। घृणा की राजनीति हो रही है। हम कोई केयर नहीं करते हैं। जो करना है करे।”
बिहार सरकार ने हाल ही में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में कटौती करने का फैसला लिया है। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सांसद मीसा भारती की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सुरक्षा घटाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मीसा भारती ने कहा कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को किसी सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वे बिहार की जनता के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा जनता स्वयं कर लेगी। मीसा भारती ने यह भी घोषणा की कि वह अपनी सुरक्षा भी वापस कर देंगी। इसके साथ ही उन्होंने पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड के सरकारी आवास को लेकर कहा कि परिवार 15 दिनों की निर्धारित अवधि से पहले ही आवास खाली कर देगा।
इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी रविवार को पटना के कौटिल्य नगर स्थित निर्माणाधीन निजी आवास का निरीक्षण करने पहुंचीं। इसके बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास खाली करने के बाद लालू परिवार इसी नए घर में शिफ्ट हो सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई हैगौरतलब है कि भवन निर्माण विभाग ने 29 मई को राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया था। नोटिस में 15 दिनों के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद राबड़ी देवी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह बंगला खाली नहीं करेंगी और सरकार चाहे तो बल प्रयोग कर आवास खाली करवा ले।
इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया था। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि सरकारी बंगला किसी की बपौती नहीं है और सत्ता से बाहर होने के बाद आवास खाली करना नियमों का हिस्सा है। सत्ता पक्ष के अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे पर राजद और लालू परिवार को निशाने पर लिया था। सरकार द्वारा सुरक्षा में कटौती के फैसले के बाद राबड़ी देवी ने अपने आवास से सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया था। इसके बाद तेजस्वी यादव ने भी अपनी सुरक्षा वापस कर दी। अब सिंगापुर से लौटने के बाद मीसा भारती ने भी सुरक्षा वापस करने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में अब राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि लालू परिवार 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास कब तक खाली करता है और आगे उनकी नई राजनीतिक रणनीति क्या होती है।