85 प्रतिशत इथेनॉल वाला E85 पेट्रोल की दिल्ली में शुरू हुई बिक्री, विपक्ष ने कसा तंज
- Post By Admin on Jun 08 2026
नई दिल्ली: देश में हरित ईंधन और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सरकारी तेल कंपनियों (OMCs) ने अब E85 पेट्रोल की बिक्री शुरू कर दी है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को दिल्ली में E85 फ्यूल को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया और देश के पहले E85 फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही भारत में 80 से 85 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की बिक्री की शुरुआत हो गई है।
दिल्ली में E85 फ्यूल की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है। सरकार का मानना है कि इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी और इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। E85 ईंधन में 80 से 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाया जाता है, जबकि शेष हिस्सा पेट्रोल का होता है। हालांकि फिलहाल देशभर में E20 पेट्रोल की उपलब्धता जारी रहेगी, क्योंकि वर्तमान समय में अधिकांश वाहन 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित ईंधन पर आसानी से चल सकते हैं। सरकार चरणबद्ध तरीके से E85 फ्यूल की उपलब्धता को बढ़ाने की योजना बना रही है।
सरकार का लक्ष्य सिर्फ ईंधन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ऐसे वाहनों की संख्या भी बढ़ाना है जो E85 फ्यूल पर चल सकें। इसी दिशा में हाल के दिनों में मारुति सुजुकी और हीरो मोटोकॉर्प जैसी कंपनियों ने ऐसे वाहन लॉन्च किए हैं, जो E85 ईंधन के अनुकूल बताए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि E85 जैसे ईंधन से पर्यावरण को फायदा हो सकता है, क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन कम होने की संभावना रहती है। साथ ही, गन्ना आधारित इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा मिलने से किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार आने वाले समय में देश के विभिन्न शहरों में E85 फ्यूल स्टेशन शुरू करने की तैयारी में है, ताकि वैकल्पिक ईंधन को तेजी से बढ़ावा दिया जा सके।
विपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार गरीब और मजबूर लोगों को बर्बाद करना चाहती है। फ्यूल E85 की वजह से गाड़ियों में परेशानी होगी। माईलेज कम होने के साथ ही गाड़ियों में अन्य कई दिक्कते देखने को मिलेगी।