स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर भाजपा लखीसराय की बैठक, कार्यकर्ताओं को दिए गए दिशा-निर्देश

  • Post By Admin on Apr 02 2026
स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर भाजपा लखीसराय की बैठक, कार्यकर्ताओं को दिए गए दिशा-निर्देश

लखीसराय: जिले में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी स्थापना दिवस को लेकर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को पार्टी के लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और कार्यक्रम को भव्य रूप देने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजीव रंजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला प्रभारी संजय सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु कुमार, गौतम मंडल, संजय सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा पासवान, नीतू आर्य, नीतू सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान 6 अप्रैल को होने वाले भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य अतिथि धीरेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा, समर्पण और सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय होकर पार्टी की उपलब्धियों और सिद्धांतों को आम जनता तक पहुंचाएं तथा स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाएं। वहीं जिला प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस को संगठनात्मक एकता, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और कार्यक्रम को सफल बनाएं। बैठक के माध्यम से पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया कि इस बार स्थापना दिवस को व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक मजबूती के साथ मनाया जाएगा, जिसमें हर कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।