बिहार राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन को झटका, एनडीए ने सभी सीटें जीतीं

  • Post By Admin on Mar 16 2026
बिहार राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन को झटका, एनडीए ने सभी सीटें जीतीं

नई दिल्ली/पटना : राज्यसभा की विभिन्न सीटों के लिए हुए चुनाव में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही कई राज्यों से परिणाम सामने आने लगे हैं। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी पांच उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं महागठबंधन के चार विधायक मतदान के लिए नहीं पहुंचे, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार बिहार में एनडीए के सभी 202 विधायकों ने मतदान किया। इसी कारण गठबंधन के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार की जीत सुनिश्चित हो गई। अनुमान है कि उन्हें लगभग 38 वोट मिले, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उम्मीदवार एडी सिंह को करीब 37 वोट मिलने की संभावना जताई गई है।

महागठबंधन के जिन विधायकों ने मतदान नहीं किया, उनमें फैसल रहमान के साथ कांग्रेस के मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास शामिल हैं।

इधर हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दोनों विधायकों ने मतदान से दूरी बनाए रखी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा कि जनता की आवाज को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने भाजपा पर जाति और धर्म की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

अन्य राज्यों के परिणामों की बात करें तो महाराष्ट्र की सात में से छह सीटें एनडीए के खाते में गई हैं, जबकि एक सीट पर शरद पवार की पार्टी को जीत मिली है। तमिलनाडु की छह सीटों में से दो एनडीए और चार विपक्ष के खाते में गईं। पश्चिम बंगाल की पांच सीटों में से चार विपक्ष और एक एनडीए को मिली है।

वहीं असम की तीनों सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। तेलंगाना की दोनों सीटें विपक्ष के खाते में गई हैं। छत्तीसगढ़ में एक सीट एनडीए और एक विपक्ष को मिली है, जबकि हिमाचल प्रदेश की एक सीट विपक्ष के हिस्से में गई है।

देशभर में कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए, जिनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। बाकी सीटों के लिए हुए मतदान के बाद अब अंतिम परिणाम सामने आ रहे हैं।