BCCI के चार आयु वर्ग टूर्नामेंट में लगातार दो साल खेल कर अक्षरा ने रचा नया कीर्तिमान
- Post By Admin on Mar 16 2026
पटना : भारतीय क्रिकेट में बिहार की युवा खिलाड़ी अक्षरा गुप्ता ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मात्र 15 वर्ष की आयु में उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) के चार अलग-अलग आयु वर्ग के टूर्नामेंट में लगातार दो वर्षों तक भाग लेकर भारतीय क्रिकेट इतिहास में अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।
जानकारी के अनुसार, सत्र 2024–25 में अक्षरा गुप्ता ने अंडर-15 टीम में उप-कप्तान के रूप में खेलते हुए अंडर-19 टी20, अंडर-19 वनडे और अंडर-23 टूर्नामेंट में भी हिस्सा लिया। इतनी कम उम्र में एक साथ कई आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग लेना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
वहीं सत्र 2025–26 में उनका प्रदर्शन और भी उल्लेखनीय रहा। इस दौरान उन्होंने अंडर-19 टी20 और अंडर-19 वनडे टीम की कप्तानी की, साथ ही अंडर-23 वनडे और सीनियर महिला वनडे प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी कम उम्र में इस तरह का रिकॉर्ड बनाना बेहद दुर्लभ है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट में किसी खिलाड़ी ने 15 वर्ष की आयु में चार अलग-अलग आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में लगातार दो वर्षों तक भाग लेने का कारनामा नहीं किया था।
रक्सौल, बिहार की रहने वाली अक्षरा गुप्ता की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है, बल्कि यह पूरे बिहार के लिए भी गर्व की बात मानी जा रही है। खेल प्रेमियों का मानना है कि अगर इसी तरह उनका प्रदर्शन जारी रहा तो आने वाले समय में वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।