छात्र सुविधाओं को लेकर एबीवीपी का विरोध, एलएस कॉलेज में तीसरे दिन भी धरना जारी
- Post By Admin on Mar 16 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय में छात्रों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा चलाया जा रहा आंदोलन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। छात्रावास आवंटन सहित अन्य छात्र समस्याओं को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि कुलपति और महाविद्यालय की प्राचार्या द्वारा आश्वासन दिया गया था कि 2 जनवरी तक छात्रावास छात्रों को आवंटित कर दिया जाएगा, लेकिन अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। छात्रावास नहीं मिलने के कारण छात्रों को पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय कर महाविद्यालय आना-जाना पड़ रहा है, जिससे उनके पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
एबीवीपी के जिला संयोजक अभिनव राज ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की छात्रों के प्रति उदासीनता के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमावली को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से महाविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए जा रहे हैं, जिसके चलते छात्रों की परेशानी बनी हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर दीपेश कुमार, अमन कुमार, हर्ष कुमार, आयुष कुमार, नेहा, नैना, कुमारी अमीषा, भारती, पूजा सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।