जेल से सीधे पहुंचे विधानसभा, शपथ ले अनंत ने पहली बार छुए नीतीश के पैर

  • Post By Admin on Feb 03 2026
जेल से सीधे पहुंचे विधानसभा, शपथ ले अनंत ने पहली बार छुए नीतीश के पैर

पटना : मोकामा से निर्वाचित विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ग्रहण कर ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं।

बाहुबली विधायक के रूप में चर्चित अनंत सिंह को पटना सिविल कोर्ट से विशेष अनुमति मिलने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेऊर जेल से विधानसभा लाया गया। विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कार्यवाही शुरू होने के बाद उन्होंने सदन में शपथ ली। शपथ समारोह के दौरान विधानसभा परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एस्कॉर्ट वाहन, क्विक रिस्पॉन्स टीम और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं समर्थकों के किसी भी तरह के जमावड़े पर पूरी तरह रोक रही।

बताया गया कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी अनंत सिंह को अब तक जमानत नहीं मिली है। कोर्ट ने उन्हें केवल शपथ लेने की अनुमति दी थी और किसी अन्य गतिविधि में शामिल होने की इजाजत नहीं दी गई। शपथ के बाद उन्हें पुनः बेऊर जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष हुए बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह मोकामा सीट से विजयी हुए थे, लेकिन न्यायिक हिरासत में होने के कारण वे अब तक शपथ नहीं ले पाए थे। मंगलवार को शपथ के साथ ही उनकी विधायकी औपचारिक रूप से शुरू हो गई।

मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य कारणों से शपथ लेने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि अदालत की अनुमति के बाद ही वे विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा कि जेल से बाहर आना उनके हाथ में नहीं है, यह पूरी तरह अदालत के निर्णय पर निर्भर है। फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं।