भारत को बड़ी आर्थिक राहत, ट्रंप ने खत्म किया पेनल्टी टैरिफ

  • Post By Admin on Feb 03 2026
भारत को बड़ी आर्थिक राहत, ट्रंप ने खत्म किया पेनल्टी टैरिफ

नई दिल्ली : भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ताओं को आखिरकार निर्णायक मोड़ मिल गया है। सोमवार को दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को लेकर सहमति बन गई, जिसके तहत अमेरिका ने भारत पर लगाए गए कुल टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इस अहम फैसले की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की।

दरअसल, भारत पर पहले कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लागू था, जिसमें रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया 25 प्रतिशत पेनल्टी टैरिफ भी शामिल था। अब इस अतिरिक्त पेनल्टी को हटा लिया गया है और अमेरिका भारत पर केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा।

ट्रेड डील की घोषणा से पहले राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर देर रात इस समझौते की जानकारी साझा की। ट्रंप ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल की खरीद कम करने और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं।

ट्रंप के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर भारत वेनेजुएला से भी तेल खरीद सकता है। साथ ही ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत भारत अमेरिका से करीब 500 अरब डॉलर (लगभग 46 लाख करोड़ रुपए) से अधिक का सामान खरीदेगा, जिसमें ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल होंगे।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करना उनके लिए सम्मान की बात रही। दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इस ट्रेड डील से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूत होगा।

ट्रंप की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति से बातचीत कर उन्हें बेहद खुशी हुई। मोदी ने लिखा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना भारत के लिए बेहद सकारात्मक कदम है और इसके लिए उन्होंने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि जब दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र और प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो इसका सीधा लाभ दोनों देशों के नागरिकों को मिलता है। उन्होंने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस ट्रेड डील से भारत के निर्यात को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में नई गति आएगी।