बिहार खो-खो टीम में संत मेरी इंग्लिश स्कूल की दो छात्राओं का चयन, जिलेवासियों में हर्ष 

  • Post By Admin on Feb 02 2026
बिहार खो-खो टीम में संत मेरी इंग्लिश स्कूल की दो छात्राओं का चयन, जिलेवासियों में हर्ष 

लखीसराय : जिले के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है जब संत मेरी इंग्लिश स्कूल, सूर्यगढ़ा की दो होनहार छात्राओं वैष्णवी कुमारी और तृषा भारती का चयन बिहार सब जूनियर खो-खो टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित केशव पार्क में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित 35वीं सब जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी।

यह चयन सब जूनियर बिहार राज्य खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया, जहां दोनों छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से विद्यालय सहित पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।

लखीसराय जिला खो-खो संघ के सचिव अमित सिंह राजपूत और अध्यक्ष टीजो थॉमस ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि लखीसराय के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

वहीं विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. विजय विनीत ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खेल शिक्षक नीरज कुमार सिंह के निरंतर मार्गदर्शन और मेहनत का परिणाम है, जिनके प्रयास से विद्यालय खेल-कूद के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।