नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, लखीसराय में पुलिस का सख्त एक्शन
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : जिले में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और मद्यनिषेध विभाग ने संयुक्त रूप से सख्त अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बीती रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ सघन छापेमारी की गई, जिससे नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और संदिग्ध दुकानों की बारीकी से तलाशी ली। विशेष रूप से ‘सूखे नशे’ के बढ़ते प्रचलन को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा मुक्ति को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वहीं, मद्यनिषेध विभाग ने भी शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए लखीसराय, बड़हिया और बन्नुबगीचा थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान लखीसराय स्टेशन से जमुई जिले के झाझा निवासी कैलाश मोदी को 15.840 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बड़हिया स्टेशन से देवघर निवासी गोपाल कुमार को भी शराब की खेप के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाते हुए बन्नुबगीचा के बरारे गांव से चार युवकों—दयानन्द कुमार, नितिश कुमार, प्रवेश कुमार और सिटू कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, बड़हिया थाना क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से पिंकु महतो, नीरज कुमार, मोहन कुमार, लक्ष्मण कुमार, अर्जुन कुमार और शंकर सिंह को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शराबबंदी कानून को लेकर प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है। सभी आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, रेलवे परिसरों और ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।