लखीसराय सदर अस्पताल में बनेगा अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक, डीएम ने किया निरीक्षण
- Post By Admin on Feb 27 2026
लखीसराय : स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने सदर अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक एवं डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर (DEIC) के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चयन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण ऐसे स्थान पर हो, जहां आपातकालीन सेवाओं तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सके और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
डीएम ने बताया कि प्रस्तावित क्रिटिकल केयर ब्लॉक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित होगा, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा और उन्हें बाहर रेफर करने की आवश्यकता में कमी आएगी।
इसी क्रम में डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर के लिए भी पर्याप्त और सुगम स्थान चयन करने का निर्देश दिया गया। इस केंद्र के माध्यम से जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों में शारीरिक एवं मानसिक विकास संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन एवं संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य की विस्तृत रूपरेखा शीघ्र तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीपीएम श्री सुधांशु नारायण, बीएमएसआईसीएल के जेई, अस्पताल प्रबंधक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।