रोजगार सह मार्गदर्शन मेला : 541 अभ्यर्थियों का निबंधन, 359 अगले चरण के लिए चयनित

  • Post By Admin on Feb 27 2026
रोजगार सह मार्गदर्शन मेला : 541 अभ्यर्थियों का निबंधन, 359 अगले चरण के लिए चयनित

लखीसराय : बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सूर्यगढ़ा प्रखंड में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। मेले में कुल 541 अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया, जिनमें से 359 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अगले चरण के लिए चयनित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र एवं उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका श्रीमती अनीता कुमारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।

अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों को मेले का अधिकतम लाभ उठाने का सुझाव दिया। उन्होंने महिलाओं से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग अपने हुनर और स्वरोजगार के विकास में करने का आह्वान किया।

मेले में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, मशीन ऑपरेटर, रिटेल, लॉजिस्टिक स्टाफ, डाटा ऑपरेटर, फार्मा सहित विभिन्न पदों के लिए चयन एवं मार्गदर्शन किया गया। आठवीं पास से लेकर स्नातक (बी.ए.) तक की योग्यता रखने वाले युवक-युवतियों ने भाग लिया।

रोजगार मेले में 10 कंपनियों ने स्टॉल लगाकर अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया, जिनमें Tata Motors, Airtel Payments Bank, Utkarsh Small Finance Bank, Vision India Services Pvt Ltd, Blinkit, Life Insurance Corporation of India सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं।

जीविका के प्रबंधक (रोजगार) अमित कुमार ने बताया कि मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश पोद्दार, क्षेत्रीय समन्वयक, जीविका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री नवीन कुमार ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीविका की टीम और विभिन्न विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।