जॉब कैंप में युवाओं की सफलता, एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने 47 अभ्यर्थियों का किया चयन

  • Post By Admin on Jul 22 2026
जॉब कैंप में युवाओं की सफलता, एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने 47 अभ्यर्थियों का किया चयन

लखीसराय : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, लखीसराय परिसर में बुधवार को एक दिवसीय रोजगार-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जिसमें 72 अभ्यर्थियों का पंजीयन हुआ। इनमें से 47 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए औपबंधिक रूप से चयन किया गया।

जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार शिविर में एयरटेल पेमेंट्स बैंक (नेटऐम्बिट) के प्रतिनिधियों ने टीम लीडर, मर्चेंट एग्जीक्यूटिव, प्रमोटर एवं स्कूल सलाहकार पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 47 उम्मीदवारों को रोजगार के लिए औपबंधिक रूप से चयनित किया गया। शिविर में पंजीकृत अभ्यर्थियों में से दो-तिहाई से अधिक युवाओं को मौके पर ही रोजगार का अवसर मिलने से प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया। जिला नियोजनालय ने ऐसे रोजगार शिविरों को युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

जिला नियोजन पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र के अनुसार इस संबंध में सूचना निदेशक नियोजन एवं प्रशिक्षण (नियोजन), बिहार, जिला पदाधिकारी लखीसराय, उप निदेशक नियोजन (मुख्यालय), उप निदेशक (नियोजन) भागलपुर प्रमंडल तथा सहायक निदेशक (नियोजन) अवर प्रादेशिक नियोजनालय, भागलपुर को भी प्रेषित की गई है।