बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी: 29 अक्टूबर को लखीसराय में जॉब कैंप, जानें योग्यता और शर्तें
- Post By Admin on Oct 24 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, लखीसराय द्वारा आगामी 29 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार कैम्प-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय, बिहार तथा भागलपुर प्रमंडल के दिशा-निर्देशों के तहत इस शिविर का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
यह नियोजन शिविर विद्यापीठ चौक रोड, सलोना चक स्थित राजकीय आईटीआई लखीसराय के परिसर में पूर्वाह्न 11:00 बजे से आयोजित होगा। इस कैंप में फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी (Freedom Employability Academy) की ओर से लखीसराय कार्यस्थल के लिए विभिन्न पदों हेतु अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। संस्था द्वारा शिक्षक पद के लिए कुल 15 रिक्तियों पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
इस भर्ती में 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के किसी भी विषय से स्नातक पास महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को ₹14,500 प्रतिमाह मानदेय के अलावा पेट्रोल भत्ता, ईएसआई मेडिकल सुविधा, रूम रेंट, पीएफ और वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) जैसे लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। जिला नियोजन पदाधिकारी ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जिले के अधिक से अधिक युवाओं से शिविर में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।