​लखीसराय में नि:शक्तजनों के लिए विशेष नियोजन शिविर संपन्न, 9 का चयन

  • Post By Admin on Oct 13 2026
​लखीसराय में नि:शक्तजनों के लिए विशेष नियोजन शिविर संपन्न, 9 का चयन

लखीसराय : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, लखीसराय द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र (डीआरसीसी), महिसोना के प्रांगण में नि:शक्तजनों के लिए विशेष नियोजन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन सामाजिक सुरक्षा कोषांग, लखीसराय के सहायक निदेशक श्री धीरज कुमार ने किया। मौके पर राज्य दिव्यांगजन संघ के उपाध्यक्ष श्री नरेश चौधरी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान सहायक निदेशक द्वारा सरकार की ओर से दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की गई, जबकि जेएसएसओ श्री राहुल कुमार ने कार्यालय स्तर पर संचालित योजनाओं और मिलने वाली सुविधाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया। इस विशेष शिविर में करीब 56 नि:शक्तजन अभ्यर्थियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। रोजगार पाने के इच्छुक कुल 29 अभ्यर्थियों ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) शाखा लखीसराय के लिए अपना बायोडाटा जमा किया।

शिविर में एलआईसी के नियोक्ता प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित श्री नवीन प्रकाश वर्मा ने आवेदकों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौके पर ही 9 योग्य अभ्यर्थियों का 'बीमा सखी/एडवाइजर' (BIMA SHAKHI / ADVISOR) के पद हेतु औपबंधिक रूप से चयन किया गया। इस सफल आयोजन से दिव्यांग अभ्यर्थियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक नया अवसर प्राप्त हुआ है।