युवाओं के लिए खुशखबरी, 30 जुलाई को लखीसराय में लगेगा विशेष जॉब कैंप

  • Post By Admin on Jul 22 2026
युवाओं के लिए खुशखबरी, 30 जुलाई को लखीसराय में लगेगा विशेष जॉब कैंप

लखीसराय : जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला नियोजनालय, लखीसराय में 30 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे से रोजगार कैम्प-सह-मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में निजी क्षेत्र की कंपनी नवा भारत फर्टिलाइजर्स एलएलपी द्वारा सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के 30 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी, लखीसराय द्वारा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार यह रोजगार शिविर निदेशक नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार, पटना तथा उप निदेशक (नियोजन), भागलपुर प्रमंडल के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

कंपनी द्वारा सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के कुल 30 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 20 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 12वीं या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 10,000 से 14,500 रुपए वेतन के साथ टीए-डीए की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। नियुक्ति लखीसराय, बेगूसराय, मुंगेर, नवादा सहित अन्य जिलों में की जाएगी।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रोजगार शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया है, ताकि इच्छुक अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाकर रोजगार प्राप्त कर सकें।