विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर गायघाट महाविद्यालय में शिक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित
- Post By Admin on Aug 11 2026
मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट में नियमित कक्षा संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्राचार्या डॉ. पयोली की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा चयनित 12 संविदा प्राध्यापकों में से 9 प्राध्यापकों ने महाविद्यालय में अपना योगदान दिया। प्राचार्या डॉ. पयोली ने सभी नवनियुक्त प्राध्यापकों के योगदान को औपचारिक रूप से स्वीकृत किया और उनका स्वागत किया।
बैठक में महाविद्यालय में नियमित पठन-पाठन व्यवस्था, विद्यार्थियों के हित में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शैक्षणिक अनुशासन तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्या ने सभी शिक्षकों से समयबद्ध कक्षा संचालन, पाठ्यक्रम की नियमित प्रगति तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर डॉ. गणेश महतो, डॉ. तरुण कुमार भट्ट, डॉ. दत्तात्रेय निवृत्ति रावण, डॉ. विशाल गिरीश तिवारी, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. शिल्पा उपाध्याय, डॉ. आयुष वत्स, डॉ. उपांशु मिश्रा तथा कृष्णा कुमार उपस्थित रहे।
प्राचार्या डॉ. पयोली ने कहा कि नवनियुक्त प्राध्यापकों के योगदान से महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन शिक्षकों की सहभागिता से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी और महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा।