नई दिल्ली: भारत ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के आयात के स्रोतों में व्यापक विस्तार किया है। केंद्र सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी कि अब भारत 41 देशों से कच्चा तेल खरीदेगा, जबकि पहले यह संख्या 27 थी। इसी तरह, एलएनजी यानी लिक्विफाइड नेचुरल गैस की खरीद भी छह देशों से बढ़ाकर 15 देशों तक कर दी गई है।

सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है जब वैश्विक स्तर पर भूराजनीतिक तनाव, समुद्री मार्गों में रुकावट और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी अनिश्चितताओं ने कई देशों की चिंता बढ़ा दी है। भारत ने अपने आयात स्रोतों को विविध बनाकर किसी एक देश, क्षेत्र या शिपिंग रूट पर निर्भरता कम करने की रणनीति अपनाई है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने राज्यसभा को बताया कि इस बड़े सोर्सिंग नेटवर्क का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी एक बाजार या समुद्री मार्ग में बाधा आने पर भारत की ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो। मंत्रालय के अनुसार इससे सप्लाई में रुकावट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का असर कम करने में मदद मिलेगी। चर्चित समाचार एजेंसी के अनुसार, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लिखित जवाब में कहा कि आयात स्रोतों के इस विविधीकरण से भारत की क्षमता बढ़ी है और देश अब वैश्विक ऊर्जा बाजार की अनिश्चित परिस्थितियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत सरकार सस्ती, सुरक्षित और निरंतर ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना चाहती है। बढ़ती ऊर्जा मांग को देखते हुए आयात स्रोतों का विस्तार देश की आर्थिक स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।