धमकियों के बाद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ी, हाईकोर्ट ने केंद्र को दिया बड़ा निर्देश

  • Post By Admin on Aug 11 2026
धमकियों के बाद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ी, हाईकोर्ट ने केंद्र को दिया बड़ा निर्देश

पूर्णिया: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग पर दिल्ली हाईकोर्ट ने अहम आदेश दिया है। अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि जब तक सांसद की सुरक्षा बढ़ाने के आवेदन पर अंतिम फैसला नहीं हो जाता, तब तक उन्हें अतिरिक्त पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) उपलब्ध कराया जाए।

मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि गृह मंत्रालय पप्पू यादव के आवेदन पर विचार कर रहा है और तीन सप्ताह के भीतर इस पर निर्णय ले लिया जाएगा। इसके बाद सांसद की ओर से कहा गया कि यदि उन्हें तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध करा दी जाती है, तो वे याचिका को आगे नहीं बढ़ाएंगे। पप्पू यादव ने अपनी याचिका में कहा था कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिली हैं। बताया गया कि नीट पेपर लीक और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खिलाफ संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन के बाद सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ा है। इसी के आधार पर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि आवेदन पर निर्णय होने तक सांसद को अतिरिक्त पीएसओ मुहैया कराया जाए। इसके साथ ही अदालत ने याचिका का निपटारा कर दिया। हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पप्पू यादव अपने आवेदन पर लिए गए फैसले से संतुष्ट नहीं होते हैं, तो वे आगे उचित कानूनी उपाय अपनाने के लिए स्वतंत्र होंगे। इस आदेश के बाद पप्पू यादव की सुरक्षा को लेकर चल रही चर्चा को नया मोड़ मिल गया है और अब सभी की नजर गृह मंत्रालय के अंतिम फैसले पर है।

•खबर की तस्वीर सांकेतिक है..