लखीसराय : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शहर के नया बाजार स्थित स्काई विजन पब्लिक स्कूल में रविवार देर शाम एक प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुंगेर विभाग प्रचारक देवेंद्र कुमार ने की।

कार्यक्रम में दक्षिण-पूर्व बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक आशीष कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में संघ के 100 वर्षों की यात्रा और समाज में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन ने स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया है।

आशीष कुमार ने कहा कि संघ का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि समाज को सशक्त और संगठित बनाना है। उन्होंने “पंच परिवर्तन” के आधार पर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर देते हुए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों को अपनाने का आह्वान किया।

विभाग प्रचारक देवेंद्र कुमार ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे देश में एक वर्ष तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संघ की विचारधारा और कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

इस मौके पर आरएसएस के जिला कार्यवाह नवीन कुमार, सह जिला कार्यवाह प्रशांत कुमार, नगर संघचालक विक्रम कुमार, नगर कार्यवाह कविंद्र कुमार, शशिधर कुमार एवं रूपेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।