छठी के भोज में गया युवक लापता, खून और जले अवशेष मिलने से गहराया रहस्य
- Post By Admin on Sep 24 2026
मुजफ्फरपुर : साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर नयाटोला दियारा में एक युवक के लापता होने के बाद हत्या की आशंका से सनसनी फैल गई है। बुधवार को दियारा इलाके में एक मचान के नीचे खून के धब्बे और जले हुए अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। लापता युवक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र के सुंदरापुर मलाही टोला निवासी मोहन सहनी (33) के रूप में हुई है। हालांकि, पुलिस को अब तक उसका शव बरामद नहीं हुआ है।
परिजनों के अनुसार मोहन सहनी 21 सितंबर की शाम बाइक से साहेबगंज के हुस्सेपुर नयाटोला में छठी के भोज में शामिल होने गया था। बताया गया है कि उसे स्थानीय निवासी रवींद्र सहनी ने फोन कर भोज में आने के लिए बुलाया था। रात करीब 10:30 बजे मोहन की पत्नी ममता देवी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने अगले दिन से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को दियारा क्षेत्र में मचान के पास खून के निशान और जले हुए कुछ अवशेष मिलने की सूचना के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरैया की एसडीपीओ अभिजीत कौर और साहेबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और वहां से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। मोहन की पत्नी ममता देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में रवींद्र सहनी समेत कुछ लोगों पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। ममता देवी के अनुसार करीब तीन महीने पहले शिवनाथ सहनी की पत्नी रंभा देवी ने उनके पति से 15 हजार रुपए लिए थे। बाद में जब मोहन ने रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर विवाद और गाली-गलौज हुई थी। इसी विवाद को उन्होंने घटना से जोड़ते हुए आशंका जताई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले खून और अन्य अवशेषों की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकती है। पुलिस ने परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया है और संदिग्ध लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है। फिलहाल मोहन सहनी का शव बरामद नहीं हुआ है। पुलिस लापता युवक की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वहां क्या हुआ था।