मुजफ्फरपुर में राइफल के साथ दो युवकों की तस्वीर वायरल, पुलिस ने दोनों को दबोचा
- Post By Admin on Sep 29 2026
मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में राइफल के साथ दो युवकों की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान मकरंदपुर निवासी चंदन कुमार और खजुरी निवासी दीपक कुमार के रूप में की गई है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में दोनों युवक एक-एक राइफल के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर विश्वकर्मा पूजा के दिन की है। हालांकि, वायरल तस्वीर की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
गायघाट थानेदार जयप्रकाश गुप्ता के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पैसे के लेनदेन को लेकर दो लोगों के बीच बाइक की छीना-झपटी हो रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसी बीच राइफल के साथ उनकी तस्वीर वायरल होने का मामला भी सामने आया। रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार चंदन कुमार बेनीबाद स्थित मद्य निषेध विभाग के चेकपोस्ट पदाधिकारी का निजी चालक बताया गया है। वायरल तस्वीर में दिखाई दे रही राइफल को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।