खुदीराम बोस स्मारक से समाहरणालय तक कांग्रेस का मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन

  • Post By Admin on Sep 29 2026
खुदीराम बोस स्मारक से समाहरणालय तक कांग्रेस का मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी मुजफ्फरपुर पश्चिमी की ओर से आक्रोश मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष कृपाशंकर शाही के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता खुदीराम बोस स्मारक से मार्च करते हुए जिला समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध जताया और केंद्र सरकार से उन्हें पद से मुक्त करने की मांग की। 

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के कारण बड़ी संख्या में मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित हुए हैं। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि मतदाता सूची में हुई कथित गड़बड़ियों से वर्तमान सरकार को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र मतदाता के मतदान के अधिकार की रक्षा करने की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष कृपाशंकर शाही ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या योग्य मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में पारदर्शिता और निष्पक्ष प्रक्रिया की मांग की।

कांग्रेस नेता सुरेश शर्मा नीरज ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और केंद्र की वर्तमान सरकार की नीतियों के विरोध में यह आक्रोश मार्च आयोजित किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी डॉ. कपिल देव प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के पद पर बने रहने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

मुजफ्फरपुर पश्चिमी स्थापना प्रभारी आलोक शर्मा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का सीधा असर मतदाताओं के अधिकार पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।

आक्रोश मार्च और प्रदर्शन में सुशील कुमार शाही, राम एकबाल राय, शिवम कुमार, चुन्नू चौधरी, रितेश झा, मोहम्मद कलाम, ओंकार नाथ चौधरी, मो. अनजार, शशिकांत गुप्ता, मो. अब्दुल्ला, गुड्डू यादव, राजकुमार भगत, सिद्धार्थ शर्मा, पंकज कुमार, त्रिभुवन पटेल, डॉ. श्याम किशोर सिंह, राम प्रताप सिंह, कैलाश राम, मुकेश कुमार, डॉ. बलराम साह, मो. सज्जाद, नीरज कुमार, मोहम्मद इलियास, रामकिशोर सिंह, मोहन बैठा, रमेश तिवारी, समसूल हुदा, आलोक राम, नंदकिशोर शाह, ब्रजकिशोर चौधरी, मुमताज अंसारी, अबू बकर मंसूरी, शाहजाद हुसैन, नंद किशोर सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।